Bihar Cabinet Expansion: बिहार की राजनीति इन दिनों एक बड़े सियासी आयोजन की ओर बढ़ रही है, जहां सम्राट चौधरी कैबिनेट के विस्तार को लेकर जबरदस्त चर्चा है। पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान गुरुवार यानी 7 मई को इस अहम शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने जा रहा है। पूरे आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और माहौल पूरी तरह सियासी रंग में रंगा हुआ है। इसी बीच कैबिनेट में शामिल होने वाले नए नामों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। तो कौन होने वाले हैं सम्राट कैबिनेट के नए चेहरे? आइए डालते हैं रेस में चल रहे नए नामों पर एक नजर।
Bihar Cabinet Expansion: प्रधानमंत्री के दौरे से सुरक्षा और सख्त
इस शपथ ग्रहण समारोह को खास बनाने वाली सबसे बड़ी बात है नरेंद्र मोदी का आगमन। जिसको देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहा है और वीवीआईपी मूवमेंट के हिसाब से ब्लू बुक के अनुसार सुरक्षा लागू की जाएगी।
पटना एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक हर रास्ते पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। आसपास के इलाकों में भी कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि किसी तरह की चूक न हो। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय सुनील कुमार ने साफ किया है कि सुरक्षा के हर पहलू पर बारीकी से काम किया जा रहा है।
पुराने चेहरों को फिर मौका मिलने के संकेत
वहीं एनडीए के भीतर जो संकेत मिल रहे हैं, उससे साफ है कि इस बार कैबिनेट विस्तार में पुराने चेहरों पर ज्यादा भरोसा किया जा सकता है। खास तौर पर नीतीश कुमार सरकार में पहले काम कर चुके नेताओं को फिर से मंत्री बनने का मौका मिल सकता है। हालांकि इसके साथ कुछ नए चेहरे भी शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है, जिससे संतुलन बनाए रखने की कोशिश होगी।
भाजपा में किन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा
भाजपा की तरफ से जिन नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, श्रेयसी सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, लखेंद्र रौशन, रामकृपाल यादव, सजय सिंह टाईगर, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद और डॉ. प्रमोद कुमार का नाम लगभग तय माना जा रहा है।
इसके अलावा संगीता कुमारी, मैथिली ठाकुर, विनोद नारायण झा, नीतीश मिश्रा और आनंद मिश्रा भी मंत्री पद की रेस में बने हुए हैं। इन नामों को लेकर पार्टी के भीतर लगातार चर्चा जारी है और अंतिम सूची को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
जदयू से भी कई दिग्गज रेस में शामिल
वहीं जदयू की तरफ से भी कई पुराने और प्रभावशाली नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार और जमा खान का मंत्री बनना लगभग तय बताया जा रहा है।
इसके अलावा रत्नेश सदा और श्रीभगवान सिंह कुशवाहा के नाम भी चर्चा में हैं। वहीं श्याम रजक, संतोष निराला, शीला मंडल, मीना कामत, कोमल सिंह और रूहेल रंजन को लेकर भी सियासी गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं।
Also Read –Bahraich News : मेडिकल कॉलेज में तैनात 6 स्टाफ नर्स की नौकरी ले उड़ा बन्दर
एनडीए के अन्य घटक दलों को भी इस कैबिनेट विस्तार में जगह मिलने वाली है। लोजपा (आर) से संजय कुमार और संजय कुमार सिंह के नाम सामने हैं। हम पार्टी से संतोष सुमन और रालोमो से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।
इस तरह यह विस्तार सिर्फ भाजपा और जदयू तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गठबंधन की पूरी तस्वीर इसमें दिखेगी।
बड़े नेताओं की मौजूदगी से बढ़ेगी सियासी गर्मी
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अमित शाह, जेपी नड्डा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
इन दिग्गजों की मौजूदगी इस कार्यक्रम को और ज्यादा अहम बना देगी और इसका सियासी संदेश भी दूर तक जाएगा।
बिहार की राजनीति के लिए बड़ा दिन
कुल मिलाकर 7 मई को होने वाला यह कैबिनेट विस्तार सिर्फ एक शपथ ग्रहण नहीं, बल्कि बिहार की सियासत में नई रणनीति और समीकरणों का संकेत माना जा रहा है। गांधी मैदान में होने वाला यह आयोजन यह भी तय करेगा कि आने वाले समय में एनडीए किस दिशा में आगे बढ़ेगा और किन चेहरों पर भरोसा जताएगा।















