Delhi-NCR Weather: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ऑरेंज अलर्ट के बीच आज 23 मई यानी शनिवार की सुबह दिल्ली-NCR के मौसम ने एकाएक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और तेज हवाओं ने लोगों को आंधी जैसा महसूस कराया। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ वक्त के लिए राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने स्पष्ट कहा है कि यह राहत अस्थायी है और आगामी दिनों में हीट वेव (heat wave) का प्रभाव लगातार बना रहेगा।
Delhi-NCR Weather: IMD की ताजा जानकारी
IMD के अनुसार 23 मई से 28 मई तक NCR में लू और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इस दौरान अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। विभाग की तरफ से जारी लोकल वेदर रिपोर्ट के अनुसार आज शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, दोपहर और शाम के वक्त तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी का प्रभाव और बढ़ेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार सुबह मौसम में कुछ परिवर्तन देखने को मिला। तेज हवाओं और हल्के बादलों के कारण से तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस की गई, लेकिन यह लंबे वक्त रहने वाला नहीं है। दोपहर होते-होते तेज धूप और गर्म हवाओं का भयंकर प्रभाव फिर बढ़ने की संभावना है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगा तापमान
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 मई को तापमान और बढ़ सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। इसके अलावा 25 मई से 28 मई तक भी तेजी से भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि 26 और 27 मई को हवा में नमी बढ़ने के कारण उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ा सकती है।
Also Read –Lucknow Crime: लखनऊ के तेजस हॉस्पिटल में सनसनी, छात्रा ने डॉक्टर पर लगाए दुष्कर्म के आरोप
मौसम विशेषज्ञों की अपील
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान का भयंकर प्रभाव बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर सबसे अधिक पड़ सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के कपड़े पहनने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है।
बता दे, आज शनिवार सुबह मौसम में आए कुछ बदलाव के बाद लोगों ने राहत की सांस जरूर ली, लेकिन आगामी दिनों में गर्मी का प्रकोप फिर से बढ़ने वाला है। ऐसे में लोगों को बहुत ही सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की आवश्यकता है।















