Hardoi News: हरदोई जिले के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खितौली गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन काफी तेज गति में थे और अचानक आमने-सामने आ गए, जिससे टक्कर इतनी जोरदार हुई कि आसपास के लोग सहम गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Hardoi News: हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोनों वाहनों की स्थिति को देखकर तेज रफ्तार को प्राथमिक वजह माना जा रहा है।इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने
प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क पर गति नियंत्रण के लिए आवश्यक उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


















