रिपोर्ट -रामबाबू चौहान
MP News: राजगढ़ जिले की सारंगपुर तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत झिरी में शुक्रवार दोपहर विकास की नई शुरुआत देखने को मिली। मध्य प्रदेश शासन के राज्य मंत्री गौतम टेटवाल ने यहां विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पाठेश्वर मंदिर परिसर में भगवान पाठेश्वर महादेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गई। (MP News) इसके बाद मंत्री टेटवाल ने ग्राम पंचायत में प्रस्तावित और पूर्ण हुए कार्यों को जनता को समर्पित किया।

इस अवसर पर बाउंड्रीवॉल निर्माण, सामुदायिक भवन, सीसी रोड, तालाब गहरीकरण, पुलिया एवं नाली निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया गया। इन सभी कार्यों पर कुल 84 लाख 60 हजार रुपये की लागत आई है, जिससे गांव के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
मंत्री टेटवाल ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना, किसान समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे आमजन के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ शक्ति को सम्मान देने का कार्य भी निरंतर जारी है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और विकास की नई उम्मीद साफ दिखाई दी।














