बहराइच : युवती की तबीयत बीते कई दिनों से खराब थी। परिजनों ने उसकी झाड़-फूंक के लिए एक तांत्रिक को घर बुलाया था जिसने वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली देहात के एक मोहल्ले में बीते चार नवंबर को एक तांत्रिक ने एक युवती के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां से उसे मंगलवार को लखनऊ रेफर कर दिया। घटना में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तांत्रिक की खोजबीन शुरु कर दी है।
देहात कोतवाली के एक मोहल्ला निवासी एक युवती के साथ उसी गांव निवासी एक तांत्रिक ने दुष्कर्म किया। बताया जाता है कि युवती को बीते 25 अक्तूबर को खून की उल्टियां आ रही थी जिसके बाद परिजनों ने उसे चित्तौरा सीएचसी में भर्ती करवाया। वहीं, हालत में सुधार न होने पर उसे जिला चिकित्सालय और फिर लखनऊ में भी दिखाया गया था।
बताया जाता है कि युवती को टीबी की बीमारी है। इसी दौरान परिजनों ने अंधविश्वास में पड़कर युवती की झाड़ फूंक के लिए एक तांत्रिक को अपने घर बुलाया। पीड़ित युवती के मुताबिक बीते चार नवंबर को झाड़ फूंक के लिए घर आए तांत्रिक ने उस के साथ दुष्कर्म किया जिसके बाद उसकी हालत और खराब हो गई जिसके बाद युवती को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना के तीन दिन बाद सोमवार को परिजनों ने थाने में तहरीर दी। सोमवार की रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। कोतवाल सतेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी तांत्रिक लाल महाराज पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज जांच शुरु कर दी गई है। वहीं, मेडिकल कॉलेज में इलाज करवा रही युवती को चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया है।













