रिपोर्ट – मिथिलेश गुप्ता
UP News: चन्दौली। जनपद चन्दौली की थाना शहाबगंज पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल गड़ासा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना शहाबगंज क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर खुर्द के सामने चकिया-चन्दौली मार्ग पर मामूली कहासुनी के दौरान हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस मामले में थाना शहाबगंज पर मु0अ0सं0 37/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के संबंध में बताया गया कि 1 मई 2026 को आशीष कुमार पाठक ने थाना शहाबगंज पर सूचना दी थी कि उनके रिश्तेदार कोमल तिवारी (52 वर्ष), निवासी गजधरा, थाना शहाबगंज, को 30 अप्रैल को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जिला चिकित्सालय चन्दौली ले जाया गया था। (UP News) प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया, जहां 2 मई को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देशन में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। (UP News) गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान 6 मई 2026 को चेकिंग अभियान के समय मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का मुख्य आरोपी अमरनाथ यादव तियरा मार्केट के आगे लालपुर-शिवपुर मार्ग के किनारे मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त अमरनाथ यादव पुत्र स्व. बलिराम यादव, निवासी ग्राम फत्तेपुर खुर्द, थाना शहाबगंज, उम्र 60 वर्ष, ने बताया कि 30 अप्रैल की शाम को कोमल तिवारी द्वारा उसकी पत्नी के संबंध में आपत्तिजनक शब्द कहे जाने पर गुस्से में उसने धारदार गड़ासा से हमला कर दिया था, जिससे कोमल तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया। (UP News) बाद में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक प्रेमचन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक संतोष सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र नाथ सिंह, कांस्टेबल अजय पटेल तथा महिला कांस्टेबल नीतू भारती शामिल रहीं।















