रिपोर्ट -उत्तम कुमार गुप्ता
UP News: महमूदाबाद। कस्बे के वार्ड कटरा और आसपास के इलाकों में खुलेआम संचालित हो रहे जुए के अड्डे कानून व्यवस्था को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन अवैध गतिविधियों की वजह से युवा पीढ़ी तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रही है, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं पुलिस इस पूरे मामले से अनभिज्ञता जताती दिखाई दे रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, महमूदाबाद कस्बे के साथ-साथ क्षेत्र के कुछ गांवों में भी जुए का कारोबार लंबे समय से निर्बाध रूप से संचालित हो रहा है। (UP News) लोगों का कहना है कि पुलिस को इसकी जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोप है कि कभी-कभार औपचारिक कार्रवाई के नाम पर कुछ लोगों को थाने लाकर कुछ घंटों बाद छोड़ दिया जाता है, जिससे जुआ संचालकों के हौसले और बुलंद हो जाते हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जुए की लत के कारण कई युवा अपना भविष्य दांव पर लगा रहे हैं। (UP News) परिवारों को आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चों का झुकाव पढ़ाई और रोजगार की ओर होने के बजाय इस अवैध गतिविधि की ओर बढ़ रहा है, जिससे वे बेहद चिंतित हैं।
लोगों का यह भी आरोप है कि जुआ संचालकों की पकड़ काफी मजबूत है और अवैध कारोबार को बिना किसी बाधा के चलाने के लिए मोटी रकम का लेन-देन होता है। (UP News) यही कारण है कि कानून के हाथ इन तक आसानी से नहीं पहुंच पाते। भय के माहौल के चलते अधिकांश लोग खुलकर शिकायत करने से भी कतराते हैं।
Also Read –Kanpur News: कानपुर में KDA का बड़ा एक्शन, फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग संस्थान सील
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें जुए के अड्डों के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं इस प्रकार का अवैध कारोबार संचालित होने की सूचना मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जुए के अड्डों पर प्रभावी कार्रवाई करने और युवाओं को इस बुराई से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।














