रिपोर्ट- मिथिलेश गुप्ता
UP News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गुरेरा गांव के पास मिट्टी लदे ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। मृतकों की पहचान फूलपुर निवासी श्रीराम (48) और रामकिशुन (50) के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों व्यक्ति चहनिया बाजार से तिरपाल खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। (UP News) इसी दौरान अवैध खनन में लगे मिट्टी लदे बोगा स्वराज ट्रैक्टर (UP 67R 2042) ने उनकी बाइक (UP 67S 1917) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। (UP News) मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
मृतक श्रीराम अपने पीछे दो पुत्र चंदन, मनीष और पुत्री अन्तिमा को छोड़ गए हैं। पत्नी मनोरमा का रो-रोकर बुरा हाल है। (UP News) उन्होंने बताया कि परिवार का पूरा दायित्व श्रीराम पर ही था और अब परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।

वहीं रामकिशुन अपने पीछे पांच पुत्र—दिनेश, राजेश, प्रकाश, रोशन और रोहित—को छोड़ गए हैं। पत्नी उमरावती ने बताया कि बड़े बेटे दिनेश की शादी आगामी 4 जून को होनी थी, लेकिन हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया और शादी की खुशियां शोक में बदल गईं।
ये भी पढ़ें –UP News: हमीरपुर में NH-34 प्रदर्शन के बाद बढ़ा विवाद, 16 नामजद समेत 40 अज्ञात पर मुकदमा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले एक माह से अवैध मिट्टी और बालू खनन धड़ल्ले से जारी है। (UP News) ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टरों का प्रयोग केवल कृषि कार्यों के लिए होना चाहिए, लेकिन खनन माफिया खुलेआम इन्हीं वाहनों से मिट्टी और बालू ढो रहे हैं। लोगों ने पुलिस, राजस्व और खनन विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि ओवरलोड वाहन दिन-रात सड़कों पर दौड़ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई नहीं कर रहे।
इसी क्रम में रविवार को थाना क्षेत्र के तीरगांवा गांव के पास गंगा किनारे अवैध बालू लदा एक ओवरलोड डम्पर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक राहुल कुमार समय रहते कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि गाजीपुर सीमा से सटे इलाके में ओवरलोड बालू वाहनों का संचालन आम हो चुका है और आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें –IPL 2026 Playoffs: आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच होगा पहला क्वालिफायर मुकाबला
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग से जहां सड़क सुरक्षा खतरे में पड़ रही है, वहीं गंगा कटान, प्रदूषण और पर्यावरण पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, जिम्मेदार अधिकारियों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।















