UP News: थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे रेणुकूट के रवि सिंह, 9वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम

Facebook
X
WhatsApp

रिपोर्ट -सुनील ठाकुर

UP News: रेणुकूट (सोनभद्र, उत्तर प्रदेश)। जनपद सोनभद्र के रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतरराष्ट्रीय ताईक्वानडो खिलाड़ी रवि सिंह (पुत्र स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह) बुधवार को थाईलैंड के पटाया शहर के लिए रवाना हो गए। वह 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 9वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रवि सिंह पुरुष वर्ग के अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में भारतीय चुनौती पेश करेंगे।

विश्व स्तर की इस प्रतियोगिता में लगभग 30 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक होने की उम्मीद है। रवि सिंह का चयन भारत के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है और पूरे सोनभद्र जिले में उनके चयन को लेकर उत्साह का माहौल है।

रवि सिंह इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने यूरोप के देश रोमानिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत (सिल्वर) पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके अलावा नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताईक्वानडो प्रतियोगिता में स्वर्ण (गोल्ड) पदक हासिल कर उन्होंने देश का तिरंगा बुलंद किया। लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के चलते रवि सिंह ने देश के उभरते हुए खिलाड़ियों में अपनी विशेष पहचान बनाई है।

थाईलैंड रवाना होने से पहले रवि सिंह ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व का विषय है। देश के लिए खेलने का अवसर मिलना हर खिलाड़ी का सपना होता है। मैं पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ खेलते हुए अपने देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन करने का पूरा प्रयास करूंगा।”

उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु एवं अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, संस्कार और आशीर्वाद ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है।

रवि सिंह के थाईलैंड रवाना होने पर सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) नमिता शरण ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करने की कामना की।

वहीं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने भी रवि सिंह को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वर्णिम सफलता की कामना की।

रवि सिंह की उपलब्धि से न केवल रेणुकूट, बल्कि पूरे सोनभद्र जनपद और उत्तर प्रदेश में गर्व और खुशी का माहौल है। उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों तथा हिण्डालको परिवार ने भी उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

रवि सिंह की सफलता जनपद सोनभद्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुकी है। अब पूरे जिले सहित देशवासियों की निगाहें थाईलैंड में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं। सभी को विश्वास है कि रवि सिंह एक बार फिर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत के लिए पदक जीतेंगे और देश का मान-सम्मान विश्व मंच पर और ऊँचा करेंगे।

The specified slider does not exist.

ताजा खबरें