UP News: सीतापुर। लहरपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम अल्हना से ईरापुर तक लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे नई सड़क बनने से पहले ही खराब होने लगी है।
ग्राम अल्हना निवासी शैलेश कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप गिट्टी, मिट्टी और डामर का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। (UP News) आरोप है कि ठेकेदार लागत बचाने के लिए घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ये भी पढ़े –Shreyas Iyer: टी20 कप्तानी की रेस में सबसे आगे श्रेयस अय्यर?, पूर्व सिलेक्टर ने किया बड़ा दावा
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की रोलिंग भी सही तरीके से नहीं कराई गई है। इसके चलते कई स्थानों पर सड़क धंसने लगी है और दरारें दिखाई देने लगी हैं। (UP News) लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह निर्माण कार्य जारी रहा तो सड़क दो से तीन महीने के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो जाएगी और सरकार का लाखों रुपये का धन व्यर्थ चला जाएगा।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते हैं, जिसके कारण ठेकेदार मनमाने ढंग से काम कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में उपजिलाधिकारी (SDM) कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित किया जाए। (UP News) उन्होंने मीडिया से भी मौके पर पहुंचकर जमीनी हकीकत देखने और मामले को प्रमुखता से उठाने की अपील की है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास निर्माण कार्य में अनियमितताओं से जुड़े फोटो और वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं, जिन्हें जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराया जा सकता है। अब क्षेत्रीय लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।














