UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने बहुत ही खतरनाक रुख अपना लिया है। अप्रैल महीने के आखिरी हफ्ते में ही राज्य के कई जिलों में जून जैसी भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के लगभग 40 जिलों में लू (हीट वेव) को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। हालात इतने ज्यादा गंभीर हो गए हैं कि लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।
UP Weather Update: यूपी के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, कानपुर, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या, आगरा, झांसी और महोबा सहित कई अन्य जिले शामिल हैं। इन इलाकों में चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
इन जिलों में 45.5°C तक पहुंचा पारा
तापमान की बात करें तो बांदा जिला सबसे अधिक गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (UP Weather Update) इसके अलावा प्रयागराज में 45.5°C, वाराणसी में 45°C, झांसी में 44.8°C और आगरा में 44.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राज्य के 6 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि 30 से ज्यादा शहरों में तापमान 40°C से ऊपर दर्ज किया गया।
इस असहनीय गर्मी की वजह से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। दोपहर के वक़्त सड़कों पर पूरा सन्नाटा देखने को मिल रहा है और लोग खुद को ठंडा रखने के लिए पानी, जूस और अन्य पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। बढ़ती गर्मी का प्रभाव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है, जिससे हीट वेव के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
मौसम को देखते हुए प्रशासन सतर्क
स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए ख़ास ‘कोल्ड वार्ड’ बनाए गए हैं, जहां कूलर, पंखे और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की गई है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग की ताज़ा जानकारी के अनुसार आज 28 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि अप्रैल में इस तरह की गर्मी असामान्य है और यह आगामी माह में और भी गंभीर रूप ले सकती है।
बता दे, प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, हल्के कपड़े पहनें, अधिक से अधिक पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं। फिलहाल उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है और आगामी कुछ दिनों में लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।













