कोरोना वायरस के लगातार सामने आ रहे वैरिएंट को देखते हुए वैक्सीन बनाने वाली कंपनी फाइजर ने एक बड़ा एलान किया है। फाइजर इंक के चीफ एग्जिक्यूटिव एल्बर्ट बोर्ला का कहना है कि कंपनी कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को देखते हुए अपनी वैक्सीन को रीडीजाइन कर रही है। कंपनी को उम्मीद है कि ये नई वैक्सीन इस नए वैरिएंट पर कारगर साबित होगी। एल्बर्ट के मुताबिक फाइजर के अलावा इस काम में उनकी सहयोगी कंंपनी बायोएनटेक एसई भी लगी हुई है। दोनों कंपनियां एक ऐसी वैक्सीन को विकसित करने में लगी हैं जो ओमिक्रोन वैरिएंट पर पूरी तरह से कारगर हो, जिससे वैरिएंट के संक्रमण की रफ्तार को कम किया जा सके। एल्बर्ट ने इसका एलान जेपी मार्गन की सालाना हेल्थ केयर कांफ्रेंस में किया। पिछले वर्ष इस कांफ्रेंस को वर्चुअल तरीके से किया गया था।
अमेरिका में सबसे पहले वैक्सीनेशन शुरू हुआ था और बूस्टर डोज समेत बच्चो की वैक्सीन भी लगाई जा रही है। ऐसे में मामलों का इस कदर बढ़ना चिंता का सबब बना हुआ है।













