उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में जहरीली शराब पीने से अब तक 22 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। शराब पीने से प्रदेश में हुई मौतों के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। शुक्रवार की रात रायबरेली जिले की जगतपुर थाना पुलिस अवैध शराब की सूचना पर थुलरई गांव में छापेमारी करने गई थी। इस दौरान पुलिस टीम पर शराब कारोबारियों ने हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले पुलिस टीम पर पथराव किया, फिर पुलिस का वाहन तोड़ दिया। अचानक हुए हमले से घबराए पुलिसकर्मियों ने तालाब में कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और गांव की घेराबंदी करके चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्त में आए अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की मानें तो अन्य लोगों की गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।
यह घटना रायबरेली जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र के थुलरई गांव की है। जानकारी के मुताबिक, जगतपुर थाना पुलिस को इनपुट मिला था कि थुलरई गांव में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। अवैध शराब के कारोबार की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार की रात पुलिस टीम गांव में छापा मारने पहुंची। पुलिस टीम द्वारा दबिश की खबर लगते ही गैर कानूनी ढंग से शराब का कारोबार करने वालों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।













