यूपी के लखीमपुर खीरी में एक विशालकाय अजगर ने हिरण के बच्चे को अपना शिकार बना लिया। इसके बाद खेत में जाकर बैठ गया। जब ग्रामीणों की नजर अजगर पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। अजगर के हिरण के बच्चे को निगलने की खबर मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ा। इसके बाद उसे एक ड्रम में बंद करके ले गए। बताया जा रहा है कि अजगर को दुधवा के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।
लखीमपुर खीरी में दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगल से सटा एक गन्ने का खेत है। इस खेत में ग्रामीणों को एक विशालकाय अजगर दिखा। ग्रामीणों ने बताया कि अजगर हिरण के बच्चे को निगल रहा था। उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी वन विभाग और दुधवा नेशनल पार्क के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर दुधवा टाइगर रिजर्व और वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अजगर करीब डेढ़ क्विंटल का था।
वन विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को पकड़ने का प्रयास शुरू किया, लेकिन काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ा जा सका। इसके बाद उसे एक ड्रम में बंद कर ले जाया गया और फिर दुधवा के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।













