Sonbhadra: रेणुकूट। स्थानीय लोगों को बेहतर एवं स्वच्छ स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में हिंडाल्को के सीएसआर विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। नगर पंचायत के वार्ड संख्या-8 में लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़े सामुदायिक शौचालय का हिंडाल्को द्वारा जीर्णोद्धार कराया गया। शौचालय परिसर में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
काफी समय से खराब स्थिति के चलते सामुदायिक शौचालय उपयोग के योग्य नहीं रह गया था। स्थानीय समुदाय की जरूरत को देखते हुए हिंडाल्को सीएसआर विभाग को मिले अनुरोध के बाद सिविल विभाग द्वारा शौचालय के नवीनीकरण का कार्य कराया गया। जीर्णोद्धार के बाद अब क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस अवसर पर हिंडाल्को सीएसआर प्रमुख श्री अनिल झा और एचआर विभाग के श्री विजय व्यास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और सुलभ शौचालय सुविधाएं लोगों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मानजनक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से सार्वजनिक शौचालय का नियमित उपयोग करने के साथ-साथ इसकी साफ-सफाई और संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में समुदाय की ओर से नगर पंचायत सभासद श्री दिनेश गुप्ता, श्री नौशाद और श्री सोनू समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। महिलाओं ने समुदाय की आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए शौचालय का जीर्णोद्धार कराने के लिए हिंडाल्को के वरिष्ठ प्रबंधन, सीएसआर एवं सिविल विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिंडाल्को की ओर से कहा गया कि क्षेत्र में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी पहलें जारी रहेंगी। कार्यक्रम में सीएसआर विभाग से श्री सचिन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।









