रिपोर्ट- उत्तम कुमार गुप्ता
UP News: सीतापुर, 7 जून 2026। जनपद सीतापुर की थाना महमूदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें थाना महमूदाबाद क्षेत्र की तीन तथा थाना फतेहपुर, बाराबंकी की एक वाहन चोरी की घटना का खुलासा शामिल है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर जनपद में लूट, चोरी, वाहन चोरी, नकबजनी, धोखाधड़ी और ठगी जैसी घटनाओं में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना महमूदाबाद पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें –Rashmika Mandanna Fees: रश्मिका मंदाना बनीं साउथ की सबसे महंगी हीरोइन, नयनतारा व तृषा को छोड़ा पीछे
प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में पुलिस ने वाहन चोरी से संबंधित दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र इस्लाम निवासी बिसवां (हाल पता हरैया, सदरपुर), छोटू यादव उर्फ राजकुमार यादव निवासी सेल्हवा थाना थानगांव तथा पंकज कुमार निवासी हरैया थाना सदरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को रविवार तड़के करीब 3:45 बजे बाबाकुटी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ और जांच के आधार पर थाना महमूदाबाद में दर्ज तीन वाहन चोरी के मुकदमों तथा थाना फतेहपुर, बाराबंकी में दर्ज एक वाहन चोरी के मामले का सफल अनावरण किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफलता को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महमूदाबाद पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।













