Varanasi News: वाराणसी जनपद (Varanasi News) में लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के ताड़ीखाना तिराहे के पास स्थित एक लॉन में नए साल की पार्टी के दौरान फायरिंग होने की घटना सामने आयी है। न्यू ईयर पार्टी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने 36 वर्षीय वकील राघवेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी है। आरोप है कि वकील द्वारा की गई जातिगत टिप्पणी से सिक्योरिटी गार्ड नाराज था। इसीलिए उसने एक के एक करते तीन राउंड फायरिंग की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
Varanasi News: वकील पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप
जानकारी के मुताबिक ताड़ीखाना तिराहा के पास लॉन में नदेसर निवासी एडवोकेट राघवेंद्र सिंह अपने दोस्तों और कर्मचारियों के साथ नववर्ष की पार्टी कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पार्टी में शामिल गौरव सिंह के मकान का सुरक्षाकर्मी और नगवा निवासी हरदेंदु शेखर त्रिपाठी भी मौजूद था। आरोप है कि वकील की जातिगत टिप्पणी से सुरक्षाकर्मी नाराज हो गया। इसके बाद अपनी लाइसेंसी पिस्टल से राघवेंद्र सिंह पर गोली चला दी। गोली चलते ही आसपास अफरातफरी मच गई. राघवेंद्र के दोस्त उन्हें तत्काल उपचार के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है। बता दें कि नये साल के मौके पर जश्न में वारदात का ये कोई पहला मामला नहीं है। शराब पार्टी के दौरान की अक्सर ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। मामूली कहासुनी में लोग एक दूसरे पर हमलावर हो जाते हैं। मामला यहां तक बढ़ जाता है कि लोग एक दूसरे की जान ले लेते हैं।
इस घटना की स्थानीय लोगों ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए खतरा हैं। लोगों को इस तरह की घटनाओं से सबक लेना चाहिए और एक दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने चाहिए।















